जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए दर्दनाक आतंकी हमले के विरोध में रांची में जोरदार प्रदर्शन किया गया। भारतीय जनता पार्टी, बर्फानी ग्रुप, राष्ट्रीय युवा शक्ति तथा कई सामाजिक संगठनों ने बुधवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से कचहरी चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला।
*देशद्रोहियों के खिलाफ नारे गूंजे*
प्रदर्शनकारियों के हाथों में जलती हुई मशालें थीं और देशद्रोहियों के खिलाफ नारे गूंज रहे थे। पूरे माहौल में गुस्सा और आक्रोश साफ झलक रहा था। भाजपा नेताओं ने आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और केंद्र सरकार से आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।
*नेताओं ने की आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की मांग*
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, हटिया विधायक नवीन जायसवाल और राज्य मंत्री संजय सेठ समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता इस विरोध कार्यक्रम में शामिल हुए। नेताओं ने कहा कि यह हमला केवल मासूम नागरिकों पर नहीं, बल्कि भारत की आत्मा पर हमला है और ऐसी घटनाएं अब देश किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगा।
*निर्णायक लड़ाई की जरूरत*
कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब समय आ गया है, जब देश के भीतर और बाहर मौजूद आतंकी ताकतों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर में निर्दोष पर्यटकों की हत्या ने पूरे देश को आक्रोशित और एकजुट कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।































