रांची: रांची नगर निगम ने लगभग 25 वर्षों से लंबित पेंशन और पारिवारिक पेंशन से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाया। इसके तहत पारिवारिक पेंशन के लिए प्राप्त कुल 133 आवेदनों में से 118 का नियमानुसार निष्पादन किया गया, जबकि 15 आवेदन आवश्यक दस्तावेजों की कमी और अन्य कारणों से अस्वीकृत किए गए। इस कार्रवाई से लंबे समय से पेंशन संबंधी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, लंबित मामलों के निपटारे के लिए पेंशन शाखा और स्थापना शाखा ने संयुक्त रूप से काम किया। इस दौरान वर्षों पुरानी संचिकाओं की जाँच और अभिलेखों का मिलान किया गया। संबंधित पेंशनधारियों और उनके परिजनों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज जुटाए गए। प्रेस विज्ञप्तियों के माध्यम से भी लाभुकों तक सूचना पहुँचाई गई।
शुक्रवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में इस अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि यदि कोई पात्र लाभुक अब तक पेंशन या पारिवारिक पेंशन से वंचित है, तो उसका आवेदन लेकर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी की जाए।
उन्होंने पेंशन भुगतान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश दिया। निगम के अनुसार, वर्तमान पेंशनधारियों को मासिक पेंशन का भुगतान नियमित रूप से किया जा रहा है।


































