झारखंड में कृषि योजनाओं को मिलेगी रफ्तार, 65% मक्का बुआई पूरी, मंत्री के बड़े निर्देश

0
10

झारखंड: झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बुधवार को नेपाल हाउस में कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में खरीफ फसलों, मिलेट मिशन और किसानों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई।

मंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 65 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में मक्का की बुआई हो चुकी है। उन्होंने जिन जिलों में मक्का बीज की अधिक मांग है, वहां अतिरिक्त बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मिलेट मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि अब तक 22,729 किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है। साथ ही, रांची, जमशेदपुर और देवघर में आधुनिक मिलेट कैफे स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को बेहतर बाजार मिले और लोगों में पौष्टिक मोटे अनाज के प्रति जागरूकता बढ़े।

बैठक में प्रत्येक पंचायत में मिट्टी जांच शिविर आयोजित करने, कृषक पाठशाला को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) और आईसीएआर से जोड़ने तथा विभागीय योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के किसान तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here