राजनीति: आम आदमी पार्टी (आप) को शुक्रवार को बड़ा सियासी झटका लगा है। राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने का एलान किया है। राघव चड्ढा ने दावा किया कि उनके साथ कुल सात सांसद भाजपा में शामिल हो रहे हैं, जिससे राज्यसभा में आप का भाजपा में विलय जैसी स्थिति बन गई है।
भाजपा के डीडीयू मार्ग स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में इन नेताओं का स्वागत किया गया। इस घटनाक्रम पर आप की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। संजय सिंह ने इसे “ऑपरेशन लोटस” करार दिया, जबकि पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर पंजाबियों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया।
राघव चड्ढा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्यसभा में आप के 10 सांसद हैं, जिनमें से दो-तिहाई से अधिक उनके साथ हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित सांसदों के हस्ताक्षरित दस्तावेज राज्यसभा के सभापति को सौंप दिए गए हैं। इस घटनाक्रम से राष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

























