भारत: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को भारी गिरावट देखने को मिली। हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन बाजार खुलते ही दबाव में आ गया और पूरे दिन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स लाल निशान पर कारोबार करते नजर आए।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 852.49 अंक टूटकर 77664.00 के लेवल पर बंद हुआ। जबकि, निफ्टी 205.05 अंक लुढ़ककर 2417.05 के स्तर पर समाप्त हुआ। वहीं, निफ्टी बैंक भी 819.45 अंक फिसलकर 56305.00 के स्तर पर बंद हुआ।
बाजार में आई इस गिरावट से निवेशकों को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा। बीएसई का कुल मार्केट कैप घटकर लगभग 4.66 लाख करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले दिन 4.69 लाख करोड़ रुपये था। यानी, एक ही दिन में निवेशकों को करीब 3 लाख करोड़ रुपये डूब गए।
इस गिरावट का असर बड़े शेयरों पर साफ देखने को मिला। ट्रेंट, इंफोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गज शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। लार्जकैप में ट्रेंट, एमएंडएम, बजाज फिनसर्व और टेक महिंद्रा के शेयर सबसे ज्यादा टूटे।
वहीं, मिडकैप में अशोक लेलैंड और डिक्सन टेक्नोलॉजीज में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। जबकि, स्मॉलकैप में आईआईएफएल का शेयर 10% से ज्यादा गिर गया। आज के कारोबार बाजार में अडानी पोर्टस के शेयरों में सबसे अधिक 0.97 फीसदी की तेजी देखी गई। वहीं, ट्रेंट के शेयरों में सबसे अधिक 4.21 फीसदी की गिरावट नजर आई।
आज के टॉप गेनर की लिस्ट में अडानी पोर्ट्स (0.97%), लार्सन (0.82%), सनफार्मा (0.64%), भारती एयरटेल (0.60%) और भारती इलेक्ट्रॉनिक (0.27%) के शेयर शामिल हैं। वहीं, टॉप लूजर की श्रेणी में ट्रेंट (4.21%), महिंद्रा एंड महिंद्रा (3.30%), बजाज फिनसर्व (2.93%), टेक महिंद्रा (2.90%), और इंफोसिस (2.04%) के शेयर शामिल हैं।
इस गिरावट की बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार माना जा रहा है। स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 103 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है, जिससे महंगाई बढ़ने की चिंता गहरा गई है।
इसके अलावा, विदेशी बाजारों से भी कमजोर संकेत मिले। निक्की 225, हैंग सँग इंडेक्स और केओएसपीआई समेत एशियाई बाजार गिरावट में रहे, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा।


























