झारखंड: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान, राज्य में घरेलू और कॉमर्शियल गैस की किल्लत का मुद्दा जोर-शोर से उठा। विधायक प्रदीप यादव के सवाल को लेकर संसदीय कार्यमंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सदन को जानकारी देते हुए बताया कि गैस आपूर्ति प्रभावित होने के कारण राज्य में सिलेंडर बुकिंग की अवधि बढ़ा दी गई है।
उन्होंने बताया कि पहले गैस बुकिंग के 48 घंटे के भीतर सिलेंडर की आपूर्ति हो जाती थी। लेकिन, वर्तमान स्थिति में तीन से चार दिन या उससे अधिक समय लग रहा है। स्थिति को देखते हुए शहरी क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। जबकि, ग्रामीण क्षेत्रों में यह अवधि 45 दिन कर दी गई है।
मंत्री ने बताया कि राज्य में कॉमर्शियल गैस की भारी कमी हो गई है। झारखंड में जहां प्रतिमाह करीब 2273 मीट्रिक टन कॉमर्शियल गैस की आवश्यकता होती है। वहीं, केंद्र सरकार के निर्देश के अनुसार फिलहाल केवल 80 प्रतिशत तक ही आपूर्ति की जा रही है। इसके कारण, गैस की उपलब्धता घटकर लगभग 1818 मीट्रिक टन रह गई है, जिससे कई क्षेत्रों में परेशानी बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि राज्य के होटल, रेस्टोरेंट और कई औद्योगिक प्रतिष्ठान कॉमर्शियल गैस पर निर्भर हैं। आपूर्ति में कमी होने से इन संस्थानों के संचालन पर असर पड़ सकता है। साथ ही इससे राज्य को मिलने वाले जीएसटी राजस्व पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है।
सदन में इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान, सरकार ने बताया कि तेल कंपनियों और संबंधित अधिकारियों के साथ 14 मार्च 2026 को बैठक की गई थी और भारत सरकार के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी इस विषय पर चर्चा की गई है, ताकि गैस आपूर्ति की समस्या का जल्द समाधान किया जा सके।

































