रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शनिवार को अपने केंद्रीय कार्यालय में पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि देश में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि जो भी कमी की खबरें या अफवाहें फैल रही हैं, वे राजनीतिक रूप से प्रायोजित हैं और अनावश्यक रूप से माहौल को तनावपूर्ण बनाया जा रहा है।
श्री सेठ ने बताया कि पहले प्रतिदिन लगभग 55 लाख एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग होती थी, जो अब बढ़कर 75 लाख से अधिक हो गई है। उनके अनुसार यह बढ़ोतरी केवल पैनिक सिचुएशन की वजह से हो रही है, जबकि देश के 1 लाख पेट्रोल पंप और 25 हजार गैस एजेंसियों में आपूर्ति सामान्य है। उन्होंने बताया कि PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) की सप्लाई भी पूरी तरह सामान्य है और राँची में 25 हजार से अधिक परिवार इसका कनेक्शन ले चुके हैं।
इसके साथ ही, उन्होंने राज्य सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं को एंबुलेंस में स्ट्रेचर तक नहीं मिल रहा है। साथ ही एयर एंबुलेंस दुर्घटना के बावजूद संबंधित कंपनी को अवधि विस्तार देना कई सवाल खड़े करता है।































