फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद जिले में शराब के ठेकों की नीलामी ने इस बार नया रिकॉर्ड बना दिया है। जिले के बदरपुर बॉर्डर स्थित शराब ठेके की बोली 52 करोड़ 67 लाख 99 हजार 999 रुपये में लगाई गई, जो पिछले 9 वर्षों में सबसे बड़ी बोली है। इससे साफ है कि इस बार शराब कारोबार को लेकर व्यापारियों में भारी उत्साह देखने को मिला है।

जानकारी के अनुसार, 7 जुलाई को शराब ठेकों की नीलामी प्रक्रिया शुरू हुई थी, जिसमें व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दिन कुल 10 ठेकों की नीलामी संपन्न हुई। विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 7 जुलाई की नीलामी में रिजर्व प्राइस 194.80 करोड़ रुपये रखा गया था, लेकिन सरकार को इससे ज्यादा यानी 197.02 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। यह सरकार के लिए बड़ा मुनाफा साबित हुआ है।फिलहाल जिले में अब भी 19 जोनों की नीलामी बाकी है, जिनका रिजर्व प्राइस 241.46 करोड़ रुपये तय किया गया है। यदि बाकी जोनों की नीलामी में भी इसी तरह की बोली लगती है, तो सरकार को इस बार शराब ठेकों से भारी भरकम कमाई हो सकती है।

इससे पहले, जून महीने में सेक्टर-17 स्थित एमवीएन पुलिस नाके के पास बनी शराब दुकान का ठेका 25 करोड़ 21 लाख 80 हजार रुपये में छूटा था। यह राशि पिछले वर्ष की तुलना में 12.18% अधिक रही, जिससे यह साफ संकेत मिला कि शराब लाइसेंस लेने वालों की रुचि बढ़ रही है।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नीलामी के परिणाम सार्वजनिक कर दिए गए हैं और बाकी बचे जोनों के लिए भी जल्द ही नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार सरकार को शराब ठेकों से पिछले सभी वर्षों से ज्यादा राजस्व प्राप्त होगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here