रांची : आरपीएफ हटिया एवं फ्लाइंग टीम रांची द्वारा 10 जुलाई 2025 को हटिया रेलवे स्टेशन पर चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। आरपीएफ कमांडेंट श्री पवन कुमार के निर्देशन में प्लेटफॉर्म संख्या-03 पर फुटओवर ब्रिज के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को तीन पीठू बैग व एक ट्रॉली बैग के साथ बैठे देखा गया।

पूछताछ में उनकी पहचान उमेश कुमार (32 वर्ष) और चंद्रदत्त कुमार (23 वर्ष), दोनों निवासी औरंगाबाद, बिहार के रूप में हुई। बैगों की तलाशी लेने पर 25 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरपीएफ द्वारा सूचना एएससी रांची को दी गई, जिनके निर्देशानुसार DD किट से परीक्षण किया गया, जिससे गांजा की पुष्टि हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा संबलपुर से लेकर अनुग्रह नारायण रोड पर राकेश कुमार को सौंपने जा रहे थे। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत ₹2,50,000/- आंकी गई है। दोनों अभियुक्तों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपीएस हटिया को सुपुर्द कर दिया गया, जहां एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 20(बी)(ii)(C)/29 के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस कार्रवाई में एसआई दीपक कुमार, साधना कुमारी, एएसआई अनिल कुमार, मुख्य आरक्षी आर.के. सिंह, दिनेश प्रसाद व कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे।





























