कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा देश में जातिगत जनगणना कराने की घोषणा का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द इसकी टाइमलाइन घोषित की जाए और स्पष्ट किया जाए कि जनगणना कब और कैसे कराई जाएगी।
*जातिगत जनगणना पर समर्थन*
राहुल गांधी ने कहा, “केंद्र सरकार ने आज जाति जनगणना कराने की घोषणा की है, कांग्रेस इसका समर्थन करती है। हमें लगता है कि जातिगत आंकड़े सामने आने से यह पता चलेगा कि कौन कहां खड़ा है और कैसे हम उन्हें आगे बढ़ा सकते हैं।”
*टाइमलाइन घोषित करने की मांग*
राहुल गांधी ने मांग की कि केंद्र सरकार जल्द से जल्द इसकी टाइमलाइन घोषित करे और स्पष्ट करे कि जनगणना कब और कैसे कराई जाएगी। उन्होंने तेलंगाना मॉडल को अपनाने की सलाह दी और कहा कि केंद्र सरकार को तेलंगाना सरकार की तरह तेज़, पारदर्शी और समावेशी जाति सर्वे मॉडल अपनाना चाहिए।
*आरक्षण की सीमा हटाने की मांग*
राहुल गांधी ने दोहराया कि जातिगत आंकड़ों के आधार पर 50 फीसदी आरक्षण की वर्तमान संवैधानिक सीमा को हटाया जाना चाहिए। उन्होंने सरकारी संस्थानों की तरह निजी संस्थानों में भी आरक्षण लागू करने की मांग की।
*पहलगाम आतंकी हमले पर बयान*
पहलगाम आतंकी हमले को लेकर राहुल गांधी ने कहा, “यह हमला ठंडे दिमाग से किया गया नरसंहार है। यह भारत की आत्मा पर हमला है। जो लोग इसके ज़िम्मेदार हैं, उन्हें इसकी कीमत चुकानी ही होगी। सरकार को समय बर्बाद नहीं करना चाहिए।”
*विपक्ष का समर्थन*
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष और सरकार की बैठक में हमने साफ लाइन दी है, एकमत लाइन दी है कि जो हुआ है, वह स्वीकार्य नहीं है; और पूरा विपक्ष सरकार को अपना 100% समर्थन देगा और उसे कार्रवाई करनी है।
























