केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हाल ही में नक्सलवाद के खिलाफ चलाये गये ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों से मुलाकात की। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी इस अवसर पर उपस्थित थे। अमित शाह ने इन ऑपरेशनों की ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें बधाई दी।
*गृह मंत्री का ट्वीट*
अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, “नक्सलवाद के विरुद्ध चलाए गए अभियानों में अहम भूमिका निभाने वाले अधिकारियों से भेंट कर इन ऑपरेशंस की ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें बधाई दी। इन अभियानों को अपनी बहादुरी से सफल बनाने वाले जवानों से भी मिलने के लिए उत्सुक हूं और जल्द ही छत्तीसगढ़ आकर उनसे भेंट करूँगा।”
*नक्सलवाद के खिलाफ अभियान*
इन दिनों सुरक्षा बल झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं। छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक नक्सली मारे गये हैं। हाल ही में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सात नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिनमें से दो इनामी थे।
*पुलिसकर्मियों को पदोन्नति*
छत्तीसगढ़ सरकार ने हाल ही में नक्सल विरोधी मुठभेड़ों में वीरता दिखाने वाले 295 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति प्रदान की है। गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार भारत को नक्सलवाद के अभिशाप से मुक्त करने के लिए कृतसंकल्प है।

























