झारखंड के मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा पर उठे सवाल: प्रतुल शाहदेव

0
320

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झारखंड के मुख्यमंत्री की हालिया स्वीडन और स्पेन यात्रा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी इस यात्रा का श्वेत पत्र जारी करना चाहिए, जिसमें यात्रा पर हुए संपूर्ण खर्च का विवरण और निवेश संबंधी समझौतों की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।

 

 

 

*व्यक्तिगत पर्यटन या निवेश के लिए यात्रा?*

 

प्रतुल शाहदेव ने मुख्यमंत्री की इस यात्रा को “व्यक्तिगत पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत सफल, लेकिन निवेश के दृष्टिकोण से पूर्णतः असफल” बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यूरोप के दो सबसे खूबसूरत देशों स्वीडन और स्पेन का भ्रमण कर लौट आए हैं, जहां वे विभिन्न दर्शनीय स्थलों पर अपने कैमरे से तस्वीरें लेते दिखाई दिए।

 

 

 

4.30 करोड़ की राशि का भुगतान

 

प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि इस 11 सदस्यीय सरकारी दल की यात्रा पर लगभग 4.30 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई, जिसे एक निजी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को भुगतान किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री के साथ अधिकारियों की पूरी टीम मौजूद थी, तब एक बाहरी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को नियुक्त करने की आवश्यकता क्यों पड़ी?

 

 

 

*कोई ठोस समझौता नहीं*

 

प्रतुल शाहदेव ने यह भी कहा कि इस यात्रा में करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन झारखंड में निवेश को लेकर अब तक कोई ठोस, लिखित समझौता सामने नहीं आया है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा बर्सिलोना एफसी क्लब के दौरे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सीएम वहां क्लब की वाइस प्रेसिडेंट से जर्सी लेते और तस्वीरें खिंचवाते नजर आए, लेकिन जब फुटबॉल को झारखंड में बढ़ावा देने की बात आई तो करार आरसीडीई बार्सिलोना क्लब से किया गया, जो बर्सिलोना एफसी से बिल्कुल अलग है।

 

 

 

 

*वोल्वो और टेस्ला के साथ फोटो*

 

प्रतुल शाहदेव ने मुख्यमंत्री की एक तस्वीर का जिक्र किया, जिसमें वे वोल्वो के इंजन के साथ फोटो खिंचवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें वोल्वो की नवीनतम ईवी टेक्नोलॉजी देखनी थी, तो इसके लिए स्वीडन जाने की आवश्यकता नहीं थी। वोल्वो की आधुनिकतम ईवी गाड़ियां बेंगलुरु में भी निर्मित हो रही हैं।

 

 

 

*सवालों के जवाब की मांग*

 

प्रतुल शाहदेव ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या विदेश यात्रा का मुख्य उद्देश्य पर्यटन था या राज्य में वास्तविक निवेश लाना? उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि वे अपनी यात्रा का श्वेत पत्र जारी करें और निवेश संबंधी समझौतों की जानकारी सार्वजनिक करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here