टेस्ला के प्रमुख और मशहूर अरबपति उद्योगपति एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से इस्तीफा दे दिया है। मस्क ट्रंप सरकार में सरकारी दक्षता विभाग (DOGE) के प्रमुख के रूप में कार्यरत थे और उन्होंने करीब 130 दिनों तक इस पद पर सेवाएं दीं।
व्हाइट हाउस में आयोजित विदाई समारोह में राष्ट्रपति ट्रंप ने मस्क को प्रतीक रूप से ‘गोल्डन की’ भेंट की। यह सम्मान उनके कार्यकाल की सराहना के रूप में दिया गया।
मस्क ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “सरकारी सेवा में मेरा कार्यकाल अब समाप्त हो गया है। राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे सरकारी खर्चों में कटौती के मिशन से जोड़ने का अवसर दिया। DOGE का उद्देश्य भविष्य में और अधिक प्रासंगिक रहेगा।”
व्यापार में गिरावट बनी मुख्य वजह
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि मस्क का इस्तीफा केवल सिद्धांतों या असहमति का परिणाम नहीं, बल्कि टेस्ला के व्यापार में गिरावट के चलते लिया गया फैसला है। बताया जा रहा है कि मस्क, ट्रंप के बहुचर्चित One Big Beautiful Bill को लेकर भी असहमति जताते रहे। उनका कहना था कि “कोई बिल या तो बड़ा हो सकता है या बेहतरीन, दोनों एक साथ नहीं।”
विश्लेषकों का मानना है कि सरकारी जिम्मेदारियों में व्यस्त रहने से मस्क का ध्यान व्यापार से भटका और इसका सीधा असर टेस्ला की बिक्री पर पड़ा। अमेरिका में कंपनी के वाहनों का बहिष्कार शुरू हो चुका था, जिससे ब्रांड की छवि भी प्रभावित हुई।
अब मस्क अपने व्यापार पर पूरा ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। निवेशकों की बढ़ती चिंता और गिरते शेयरों के बीच, उनका यह फैसला व्यापारिक मोर्चे पर डैमेज कंट्रोल के तौर पर देखा जा रहा है।

























