हजारीबाग: हजारीबाग जिले के एनएच-33 पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राँची से शव लेकर बिहार के बेतिया जा रही एक एंबुलेंस, भारत माता चौक के पास खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा सोमवार रात करीब 12 बजे हुआ, जब एंबुलेंस तेज़ी से ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। तभी भारत माता चौक के पास खड़े एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए।
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है।
घटना का विवरण:
बताया गया है कि एंबुलेंस राँची के इरबा से शाहिद अंसारी (50 वर्ष) के शव को लेकर बिहार के बेतिया जा रही थी। रास्ते में जब वह हजारीबाग के भारत माता चौक पर एक वाहन को ओवरटेक कर रही थी, उसी समय सामने खड़े ट्रक से टकरा गई। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।





























