रांची: झारखंड आदिवासी महोत्सव और 9 अगस्त को होने वाले जतरा कार्यक्रम को देखते हुए रांची में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद रखने का फैसला किया है।
सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक रोक:
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 9 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से SSP आवास मोड़ और SSP आवास मोड़ से बापू वाटिका, मोरहाबादी तक सभी तरह के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। लोगों से इन रास्तों पर जाने से बचने की अपील की गई है।
कहां-कहां होगी पार्किंग?
रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान, मोराबादी में बड़ी संख्या में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, रातू, कांके और पिठोरिया की ओर से आने वाले वाहन कांके रिंग रोड, चांदनी चौक और राम मंदिर के रास्ते पार्किंग स्थल तक पहुंच सकेंगे।
वहीं, धुर्वा, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की ओर से आने वाले वाहन न्यू मार्केट चौक, होटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, रेडियम चौक, SSP आवास चौक, रणधीर वर्मा चौक, ATI मोड़, होटलिप्स चौक और सिद्धू-कान्हू मोड़ होते हुए रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान पहुंचकर वाहन पार्क कर सकेंगे।
इन जगहों पर भी पार्किंग:
- बोड़यो रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए TRI मैदान यानी मंदिर मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
- टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, RIMS और बरियातू की ओर से आने वाले वाहन DIG मैदान, बरियातू में वाहन पार्क कर सकेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान जरूरत पड़ने पर कुछ अन्य सड़कों पर भी थोड़े समय के लिए रूट डायवर्ट किया जा सकता है। कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही भी अस्थायी रूप से रोकी जा सकती है।
ट्रैफिक पुलिस ने शहर के लोगों से अपील की है कि 9 अगस्त को जेल चौक, करमटोली चौक, SSP आवास चौक और मोराबादी के आसपास चारपहिया वाहन लेकर जाने से बचें।
जरूरी होने पर ही इन इलाकों में चारपहिया वाहन से जाने की सलाह दी गई है। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।





























