रांची: विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर 5 जून को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम से पहले झारखंड वन विभाग ने आज राँची में वॉकथोन और साइक्लोथोन का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। यह कार्यक्रम प्रधान मुख्य वन संरक्षक (HoFF) श्री संजीव कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
डोरंडा स्थित पलाश सभागार से हिनू तक निकाली गई वॉकथोन में लगभग 300 लोगों ने भाग लिया। वहीं साइक्लोथोन में करीब 150 साइक्लिस्टों ने पलाश सभागार से ऑक्सीजन पार्क तक की यात्रा की। मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) श्री एस.आर. नटेश ने साइक्लोथोन का नेतृत्व किया।
कार्यक्रम में पीसीसीएफ विश्वनाथ शाह, ए.टी. मिश्रा, राजीव रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक शामिल हुए। श्री संजीव कुमार ने कहा कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस का विषय “जलवायु परिवर्तन से सुरक्षा” है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की साझा जिम्मेदारी है और इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। वन विभाग पूरे सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।























