रांची: रांची के बहुप्रतीक्षित रातु रोड ऐलिवेटेड कॉरिडोर पर इन दिनों अंधेरा पसरा हुआ है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कॉरिडोर के रैम्प की शुरुआत और अंतिम छोर पर तो लाइटें जल रही हैं। लेकिन, बीच के कई बिजली पोलों पर लगी दर्जनों स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इससे दुर्घटना की आशंका लगातार बढ़ रही है।
स्थानीय लोग रोजाना इस मार्ग से गुजरते हैं। यात्रियों ने कहा कि रात के समय कॉरिडोर पर पैदल तक चलना मुश्किल होता है। वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है।
लोगों ने कहा कि दुर्घटना होने का डर लगा रहता है। अंधेरे के कारण वाहन चालकों को सामने की स्थिति स्पष्ट नहीं दिखती है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मालूम हो कि इस ऐलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से शहरवासियों को जाम से काफी हद तक राहत मिली है। वर्तमान में, बरसात का मौसम भी नहीं है, फिर भी स्ट्रीट लाइटों का बंद रहना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। आने वाले गर्मी के मौसम में रात के समय आवागमन और बढ़ने की संभावना है, जिससे खतरा और बढ़ सकता है।
































