रांची ट्रैफिक अपडेट: रथ यात्रा के दौरान ट्रैफिक प्लान में बदलाव

0
17

रांची: रांची यातायात पुलिस ने जगन्नाथ रथ यात्रा एवं मेला को लेकर 16 से 25 जुलाई तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। 25 जुलाई को होने वाली रथ वापसी मेला के दौरान, शहर में ट्रैफिक सुचारू बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर वाहनों का रूट डायवर्टेड रहेगा। वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों की व्यवस्था की गई है।

जारी आदेश के अनुसार बिरसा चौक की ओर से मेला आने वाले वाहन शहीद मैदान में पार्क किए जाएंगे। वहीं, तुपुदाना, हटिया और धुर्वा क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए प्रभात तारा मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है। रिंग रोड से मेला और शहर की ओर आने वाले भारी एवं हल्के वाहन तिरिल मोड़, नॉर्थ गेट, प्रभात तारा मैदान और शालीमार बाजार होकर गुजरेंगे। तिरिल मोड़ के पास हेलिपैड में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

यातायात पुलिस ने बताया कि तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर, शहीद मैदान से मौसीबाड़ी गोलचक्कर और प्रभात तारा से जगन्नाथपुर बाजार तक कार, ऑटो, सवारी वाहन और मोटरसाइकिलों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

इसके अलावा, एचईसी, विधानसभा, पुराने विधानसभा और रिंग रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। बिरसा चौक से रिंग रोड जाने वाले वाहन सिंह मोड़, चांदनी चौक, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूप से रूट डायवर्ट या वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है।

यातायात पुलिस ने रांची वासियों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करें, ताकि, रथ यात्रा और मेला शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here