झारखंड: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत राजधानी रांची के खेलगाँव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में गुरुवार को तीन दिवसीय मेला-सह-प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। राज्य की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री दीपक बिरुवा और मंत्री संजय प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया।
26 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में झारखंड की समृद्ध कला-संस्कृति, परंपराओं, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन और विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
मेला परिसर में विभिन्न जिलों के लिए अलग-अलग पवेलियन बनाए गए हैं। यहां ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन इकोनॉमिक एक्टिविटी’ की थीम पर प्रदर्शनी लगाई गई है।
इसके अलावा धुस्का, घुघनी, पीठा और छिलका रोटी जैसे पारंपरिक झारखंडी व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय और प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
वहीं, 28 नवंबर को राज्यस्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

































