झारखंड: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने शुक्रवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिथिलेश कुमार पांडेय के रूप में हुई है। वह बोकारो जिले के हरला का रहने वाला बताया गया है।
CID के अनुसार, मिथिलेश पांडेय प्रश्नपत्र छापने वाली एजेंसी के संचालक मिथिलेश सिंह का करीबी है। जांच में उसके द्वारा कथित तौर पर कई अभ्यर्थियों से पैसे लेकर प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराने की बात सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद CID की टीम उससे पूछताछ कर रही है।
इससे एक दिन पहले गुरुवार को जांच एजेंसी ने मिथिलेश सिंह के रिश्तेदार रितेश को भी गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बाद जांच एजेंसी अब कथित पेपर लीक से जुड़े पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है।
CID सूत्रों के अनुसार, आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पूछताछ में प्रश्नपत्र प्रिंटिंग से लेकर अभ्यर्थियों तक कथित तौर पर पहुंचने और पैसे के लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी। एजेंसी को इस पूछताछ से मामले में जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की उम्मीद है।

































