धनबादझरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग के निकट इंदिरा चौक के समीप शुक्रवार देर रात अचानक भू-धंसान की घटना ने पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी। घटना स्थल मुख्य सड़क से कुछ ही दूरी पर स्थित है।

इस हादसे में वर्षों से एक ही स्थान पर खड़ी एक पुरानी 407 गाड़ी अचानक जमीन में समा गई। यह गाड़ी मोहम्मद रियाज नामक व्यक्ति की बताई जा रही है, जो पास में ही गाड़ी पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। गाड़ी के अचानक जमींदोज हो जाने से स्थानीय लोग सकते में आ गए और बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए।

गंभीर बात यह रही कि घटनास्थल पर किसी प्रकार की स्थायी सुरक्षा व्यवस्था या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं, जिससे लोग घटनास्थल के बिल्कुल करीब तक पहुंच रहे हैं और सेल्फी प्वाइंट बना रहे हैं। इससे भविष्य में किसी और बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना जिला प्रशासन और बीसीसीएल (भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) को दे दी गई है। बीसीसीएल की तकनीकी टीम को स्थल निरीक्षण कर जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित जांच और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को टाला जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here