जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर में बुधवार को हुए एक आतंकी हमले में झारखंड का बेटा शहीद हो गया। सुजीत सिंह (27 वर्ष) सीआरपीएफ में तैनात थे और कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड के देवीपुर गांव के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार, बीती रात जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें सिकंदर सिंह के पुत्र सुजीत सिंह ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। इस दुखद सूचना के बाद देवीपुर गांव और मरकच्चो प्रखंड में शोक की लहर है। शहीद जवान के घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शहीद जवान सुजीत सिंह का पार्थिव शरीर आज शाम तक उनके पैतृक गांव मरकच्चो लाया जाएगा। स्थानीय प्रशासन शहीद के अंतिम दर्शन और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुट गया है।






























