झारखंड: झारखंड सरकार ने अपने वित्तीय वर्ष 2026-27 में आयोजित किए जाने वाले श्रावणी मेला की तैयारी के लिए 14 करोड़ रुपए प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर रही है। बताया गया है कि यह राशि बाबा बैद्यनाथधाम-बासुकीनाथ तीर्थ क्षेत्र विकास प्राधिकरण को भेंट कराई जाएगी।
इस बजट का उपयोग श्रावणी मेले के दौरान देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथधाम और दुमका के बासुकीनाथधाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जाएगा। इसमें बुनियादी सुविधाओं, व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य आवश्यक कार्यों पर खर्च किया जाएगा।
सरकार के आदेश अनुसार, 14 करोड़ रुपये की राशि की निकासी दुमका जिला कोषागार से होगी। संथाल परगना प्रमंडल, दुमका के आयुक्त-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित कुमार को इस राशि की निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी बनाया गया है।
आदेश में कहा गया है कि अनुदान राशि का उपयोग पूरी तरह वित्तीय नियमों के अनुसार किया जाएगा। किसी भी परिस्थिति में अग्रिम निकासी की अनुमति नहीं होगी। सभी कार्य पूरे होने के बाद उपयोगिता प्रमाण पत्र महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), झारखंड को समय पर भेजना अनिवार्य होगा।
सरकार ने यह भी बताया है कि इससे पहले 14 जून 2024 को इसी मद में 9 करोड़ 97 लाख 13 हजार 7 रुपये की राशि जारी की गई थी, जिसका उपयोगिता प्रमाण पत्र विभाग को प्राप्त हो चुका है।
इस प्रस्ताव को विभागीय मंत्री और आंतरिक वित्तीय सलाहकार की सहमति मिलने के बाद राज्यपाल के आदेश से स्वीकृति दी गई है। सरकार का कहना है कि इस बजट से श्रावणी मेला 2026 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी और पूरे आयोजन को अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा।

































