झारखंड: झारखंड में करीब आठ वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नगर निकाय चुनाव की घोषणा कर दी गई है। राज्य चुनाव आयुक्त अलका तिवारी ने मंगलवार को चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि राज्य के सभी 48 नगर निकायों में एक चरण में 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।
चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित निकाय क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। इस दौरान नई नियुक्ति, ट्रांसफर-पोस्टिंग और नए टेंडर जारी करने पर रोक रहेगी। चुनाव बैलेट पेपर से होंगे और इसमें नोटा का विकल्प नहीं होगा। यह चुनाव दलीय आधार पर नहीं कराए जाएंगे। इससे पहले राज्य में वर्ष 2018 में नगर निकाय चुनाव हुए थे।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार अधिसूचना 28 जनवरी को जारी होगी, जबकि मतगणना 27 फरवरी को होगी।

































