झारखंड: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से आयोजित वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। पहली पाली में मैट्रिक की परीक्षा है, यह सुबह 9:45 से 1 बजे तक होगी। वहीं, दूसरी पाली में इंटर की परीक्षा है, यह 2 बजे से 5:15 बजे तक चलेगी।
सबसे अधिक आर्ट्स से विद्यार्थी परीक्षा में होंगे शामिल
इस बार परीक्षा में कुल 7,48,182 छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। इनमें मैट्रिक के 4,23,861 और इंटरमीडिएट के 3,24,321 परीक्षार्थी हैं।
इंटरमीडिएट परीक्षा में सबसे अधिक संख्या कला संकाय (आर्ट्स) के छात्रों की है. आर्ट्स से 2,12,547 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं।
राज्यभर में बनाए गए हैं कुल 1,989 परीक्षा केंद्र
जबकि, विज्ञान संकाय (साइंस) से 90,579 और वाणिज्य संकाय (कॉमर्स) से 21,195 छात्र परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए राज्यभर में कुल 1,989 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 1,232 केंद्र मैट्रिक और 757 केंद्र इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए निर्धारित किए गए हैं।
काउंसिल की परीक्षार्थियों से अपील
काउंसिल ने परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाने के उद्देश्य से इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। साथ ही, पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
काउंसिल ने कहा है कि कदाचार को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। काउंसिल ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें, अपना प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) अनिवार्य रूप से साथ रखें और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें।
अब 17 फरवरी तक परीक्षा केंद्रों के बाहर निषेधाज्ञा लागू
इधर, रांची जिले में परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिले के 75 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में 3 फरवरी से 17 फरवरी तक सुबह 6:45 बजे से शाम 8:20 बजे तक निषेधाज्ञा लागू की गई है।
इस दौरान, भीड़ जमा करने, लाउडस्पीकर के उपयोग, हथियार लेकर चलने और किसी भी तरह की सभा पर रोक रहेगी। जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की है।






























