खेल: महिला अंडर-18 एशिया कप के लिए हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को 18 सदस्यीय टीम का ऐलान किया। यह टूर्नामेंट 29 मई से 6 जून तक जापान के काकामिगाहारा में होगा। स्वीटी कुजूर को टीम का कप्तान बनाया गया है। भोपाल में टीम की नेशनल कैंप चल रही थी। टीम नेशनल कैंप में कई हफ्तों की तैयारी के बाद टूर्नामेंट में उतर रही है।
तैयारियों के तौर पर भारतीय टीम ने भोपाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मुकाबलों की सीरीज खेली है. जिसमें टीम ने सीरीज का अंत जीत के साथ किया था। भारतीय टीम पूल-A में शामिल है। पूल-A में भारतीय टीम कोरिया, मलेशिया और सिंगापुर के खिलाफ खेलेगी। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 30 मई को मलेशिया के खिलाफ खेलेगी। उसके बाद, 31 मई को टीम की अगली भिड़ंत कोरिया से होगी।
पूल स्टेज के आखिरी मैच में भारतीय टीम 2 जून को सिंगापुर के सामने उतरेगी। पूल ए और बी की शीर्ष दो टीमें 5 जून को सेमीफाइनल खेलेगी। जबकि, 6 जून को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। कोच रानी रामपाल ने कहा कि यह टूर्नामेंट इन युवा एथलीटों के लिए इंटरनेशनल एक्सपोजर पाने और दबाव भरे मुकाबलों की डिमांड को समझने का एक शानदार प्लेटफॉर्म है।
भारतीय महिला टीम का स्क्वॉड
गोलकीपरः खिली कुमारी, महक परिहार, (डिफेंडर)- सुगन सांगा, रुबीना बक्सला, किरण एक्का, नीलम टोपनो, सुलोचनी, (मिडफील्डर) – श्रुति कुमारी, दीया, स्नेहा दावड़े, रश्मिन कौर, नम्मी गीताश्री, पुष्पा मांझी, (फॉरवर्ड) स्वीटी कुजूर (कप्तान), प्रियंका मिंज, संदीपा कुमारी, नौशीन नाज, नैन्सी सरोहा।




























