झारखंड: झारखंड में बढ़ते नशा कारोबार और अफीम तस्करी को लेकर आज पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा इस बैठक की अध्यक्षता करेंगी। बैठक में सीआईडी झारखंड के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. बैठक में राज्यभर में अफीम तस्करों के खिलाफ अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, विभिन्न जिलों में दर्ज मामलों, गिरफ्तारी और जब्ती की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
सूत्रों के मुताबिक, इंडस्ट्रियल एरिया और माइनिंग क्षेत्रों में बढ़ते ड्रग्स नेटवर्क पर विशेष फोकस रहेगा। इन इलाकों में नशा कारोबार पर रोक लगाने के लिए नई रणनीति तैयार की जाएगी।
इसके अलावा, सीमावर्ती जिलों में निगरानी बढ़ाने, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और संयुक्त अभियान चलाने पर भी निर्णय लिया जा सकता है। बैठक के बाद, राज्यभर में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान तेज होने की संभावना है।































