रांची: रांची के डेली मार्केट थाना क्षेत्र स्थित ओसीसी कंपाउंड के श्रीपति लाल अपार्टमेंट में बुधवार सुबह आग लगने से निवासियों में दहशत फैल गई। घटना सुबह करीब 5 बजे की बतायी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण अपार्टमेंट के बेसमेंट स्थित बिजली मीटर रूम और लिफ्ट में आग लग गई। आग और धुआँ फैलता देख अपार्टमेंट में रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से करीब आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।































