रांची: रांची जिले में चल रहे विभिन्न विकास परियोजनाओं, भू-अर्जन कार्यों और फ्लाईओवर एवं रेलवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान, डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने जिले में चल रहे सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिए हैं।
उन्होंने संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए परियोजनाओं में आ रही समस्याओं एवं बाधाओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। नारो-टिकराटोली क्षेत्र में संचालित एनएचएआई परियोजना के तहत शेष रैयतों के मुआवज भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए। ताकि, निर्माण कार्य बिना बाधा के आगे बढ़ सके।
एनएचएआई के कोयलारी-रामपुर इंटरचेंज परियोजना की भी समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि परियोजना के लिए लगभग श्री जी अवार्ड की प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है। मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में रेलवे परियोजनाओं की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने लिंक लाइन लोधमा परियोजना एवं इलू-सिल्ली रेलवे परियोजना में मुआवजा भुगतान शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए और कहा कि कार्य में शिथिलता होने पर संबंधित कर्मी पर जवाबदेही तय की जाएगी।
समीक्षा बैठक के दौरान, सड़क निर्माण विभाग (RCD) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं फ्लाईओवर परियोजनाओं की भी प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कांटाटोली-सिरमटोली फ्लाईओवर सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि रैयतों को देय मुआवजा राशि का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
बैठक में अपर समहर्ता रांची रामनारायण सिंह, जिला भूअर्जन पदाधिकारी केके राजहंस, परियोजना निदेशक एनएचएआई, रांची एवं गुमला, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग, शहरी एवं ग्रामीण, अतिरिक्त जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बेड़ एवं ओरमांझी, एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


































