रांची: झारखंड राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर रांची जिले में “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को पूरे जिले में बड़े पैमाने पर जनसेवा शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में लाखों लोगों ने एक ही जगह पर सरकारी योजनाओं का लाभ लिया।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने इसे सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति का उदाहरण बताया।
एक दिन में पूरे जिले में छा गई ऐतिहासिक तस्वीर
झारखंड के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर के ग्रामीण इलाकों से लेकर शहर के विभिन्न वार्डों तक लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 10 बजे से शुरू हुए शिविर देर शाम तक चलते रहे। लगभग 20 से अधिक विभागों ने अपनी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई। जिला प्रशासन, वरीय अधिकारी, सभी प्रखंड व अंचल अधिकारी पूरे दिन शिविरों में मौजूद रहे और मौके पर ही लोगों की समस्याएं हल की।
शिविर में मिली सुविधाएं
- बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग पेंशन की स्वीकृति और वितरण।
- सोना-सोबरन धोती-साड़ी-लुंगी योजना के तहत हजारों लोगों को वस्त्र वितरण।
- दिव्यांगजन को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र का वितरण।
- जाति, आय, आवासीय प्रमाण-पत्र, दाखिल-खारिज, लगान रसीद का तुरंत निपटारा।
- आधार-पैन कार्ड बनवाने और सुधार की सुविधा।
- प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला गैस, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के आवेदन और स्वीकृति।
- स्वास्थ्य विभाग द्वारा फ्री हेल्थ चेकअप, दवा वितरण और आयुष्मान भारत गोल्डेन कार्ड बनवाना।
कहां-कहां लगे शिविर
शिविर जिले के लगभग सभी प्रखंडों और रांची नगर निगम के कई वार्डों में लगे। इनमें अनगड़ा, बेड़ो, बुढ़मू, बुण्डू, चान्हो, ओरमांझी, राहे, रातु, सिल्ली, सोनाहातु, तमाड़ जैसे प्रखंड शामिल थे। शहर में वार्ड 11 से लेकर वार्ड 53 तक कई सामुदायिक भवनों और वार्ड कार्यालयों में शिविर लगाये गये।































