रांची: होली को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। मंगलवार को रांची रेलवे स्टेशन के आसपास 15 खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा टीम ने औचक निरीक्षण किया। ताकि, त्योहार के दौरान यात्रियों और आम लोगों को साफ-सुथरा व सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण में कुलदीप होटल, होटल एम्बेसडर, होटल कृष्ण, लवली डेयरी, अन्नपूर्णा भोजनालय, आर.के. भोजनालय, होटल मानसरोवर, होटल मां डेयरी, तंदूर फूड वैन, एम्बसी फूड प्लाजा, सन्नी रेस्टोरेंट, शिवम खाजा भंडार, कुशवाहा खाजा भंडार, पंजाबी बार एंड रेस्टोरेंट और खालसा रेसिडेंसी शामिल हैं।
9 प्रतिष्ठानों पर जुर्माना, कई को थमाए गए नोटिस
जांच के दौरान, जिन दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य भंडारण और लाइसेंस संबंधी कमियां पाई गईं, उन्हें सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा-69 के तहत 9 प्रतिष्ठानों पर जुर्माना भी लगाया गया। वहीं, धारा-32 के अंतर्गत सुधारात्मक नोटिस थमाया गया।
टीम ने संचालकों को निर्देश दिया कि रसोई की स्वच्छता, कर्मचारियों की व्यक्तिगत साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और वैध लाइसेंस का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने कहा कि यदि दोबारा अनियमितता पाई जाती तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान आम नागरिकों और यात्रियों के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा। आने वाले दिनों में भी इस तरह का जांच अभियान जारी रहेगा।
































