दिल्ली— केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आज दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल पहुंचकर झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंत्री के स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

सूत्रों के अनुसार, रामदास सोरेन का अपोलो अस्पताल में इलाज वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. के. एन. सिंह की देखरेख में चल रहा है। संजय सेठ ने डॉ. सिंह से भी मुलाकात कर इलाज की प्रगति, मेडिकल रिपोर्ट और आगे के उपचार से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।

मुलाकात के बाद संजय सेठ ने कहा, “रामदास सोरेन जी झारखंड की शिक्षा व्यवस्था में सक्रिय और समर्पित नेता हैं। हम सब चाहते हैं कि वे जल्द स्वस्थ होकर अपनी जिम्मेदारियों में वापस लौटें।” उन्होंने उनके परिवार और शुभचिंतकों को भी भरोसा दिलाया कि डॉक्टरों की टीम पूरी सावधानी और तत्परता से उनका इलाज कर रही है।

बताया जा रहा है कि रामदास सोरेन बीते कुछ दिनों से अस्वस्थ थे, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उनके स्वास्थ्य की निगरानी 24 घंटे की जा रही है।

मंत्री की तबीयत की खबर सुनकर झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चिंता का माहौल है। राज्य के कई जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here