झारखंड: राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने 24 घंटे में बलि उरांव को रामगढ़ के जिला अभियंता की कुर्सी वापस दिलवायी। बलि उरांव से जिला अभियंता रामगढ़ का प्रभार वापस लेने का आदेश 31 जुलाई को जारी किया गया।
दूसरे दिन बलि उरांव को जिला अभियंता रामगढ़ का प्रभार देने का आदेश जारी किया गया, हालांकि, इस आदेश पर भी 31 जुलाई की तारीख दर्ज है क्योंकि तबादले के मामले में मंत्री के अधिकार की यह आखिरी तारीख है।
बलि उरांव शुरू से ही मंत्री के कृपा पात्र रहे हैं। इसी वजह से वह दो जिला परिषद के जिला अभियंता के अतिरिक्त प्रभार में रहे।उनके पास गुमला के अलावा रामगढ़ जिला परिषद के जिला अभियंता का अतिरिक्त प्रभार था। इससे पहले भी वह जिला अभियंता का प्रभार वापस लेने से संबंधित आदेश बदलवा चुके हैं।
पहला आदेश बदलवाने में उन्हें एक सप्ताह का समय लगा था। लेकिन दूसरा आदेश बदलवाने में सिर्फ 24 घंटा लगा। इससे इस बात की जानकारी मिलती है कि उनकी पहुंच अब पहले के मुकाबले ज्यादा हो गयी है।




























