रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के बेटे कृष अंसारी द्वारा अस्पतालों का निरीक्षण किए जाने और उसके वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बताया जा रहा है कि कृष अंसारी अपने कुछ दोस्तों के साथ राज्य के विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण कर रहे हैं और फिर उसका वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, यह पहली बार है जब किसी मंत्री के पुत्र द्वारा अपने पिता के विभाग से संबंधित संस्थानों का दौरा कर, उसका वीडियो सार्वजनिक रूप से साझा किया गया है। इससे राज्य प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है और अधिकारियों के बीच यह चर्चा का विषय बन गया है।

राज्य में मंत्रियों के रिश्तेदारों द्वारा अप्रत्यक्ष रूप से विभागीय कार्यों में दखल देने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। हालांकि अब तक ऐसे मामलों पर सिर्फ दबी जुबान में चर्चाएं होती थीं। लेकिन इस बार सोशल मीडिया पर खुलेआम पोस्ट किया गया वीडियो नई बहस को जन्म दे रहा है।

प्रशासनिक विशेषज्ञों और नागरिकों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या मंत्री के बेटे को अस्पताल निरीक्षण करने का कोई अधिकार है? यदि नहीं, तो यह कार्यप्रणाली और विभागीय गोपनीयता पर एक गंभीर प्रश्नचिन्ह है।

फिलहाल इस मामले में मंत्री की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं, राज्य सरकार या स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी अब तक इस पर कोई बयान जारी नहीं किया गया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here