बहादुरगढ़: हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित लोवा कलां गांव के युवा पहलवान रोहित मान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। किर्गिज़स्तान के बिश्केक में आयोजित अंडर-15 एशियन फ्रीस्टाइल कुश्ती चैंपियनशिप में 62 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने देश को गर्व महसूस कराया।रोहित की कुश्ती की शुरुआत उनके गांव के जसबीर पहलवान उर्फ जस्सू से हुई। इसके बाद उन्होंने ओलंपियन योगेश्वर दत्त की कुश्ती अकादमी से जुड़कर अभ्यास किया और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच रामफल मान से पेशेवर प्रशिक्षण लिया।

उनकी इस जीत के पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और जुनून है। जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, वहां खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर रोहित का भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं से स्वागत, ढोल-नगाड़े और नारों के साथ गांव के इस लाल का सम्मान किया गया।रोहित मान की यह उपलब्धि ना सिर्फ उनके परिवार और गांव के लिए, बल्कि पूरे हरियाणा और देश के लिए गौरव का विषय है। ग्रामीणों और खेलप्रेमियों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।





























