बकरीद के मौके पर झारखंड के कुर्बानी बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। रांची, मेन रोड, लोहरदगा से लेकर खूंटी तक बकरों और खस्सियों की खरीद-बिक्री जोरों पर है। कुछ बकरों की कीमतें लाखों तक पहुंच चुकी हैं।
*बकरे और खस्सी की कीमतें*
बाजार में बकरे और खस्सी की कीमतें 11,000 से 70,000 रुपये तक हैं। देहाती नस्लों की खास देखभाल और वजन के चलते उनके दाम भी आसमान छू रहे हैं।
*सुल्तान और डेविड बने आकर्षण का केंद्र*
लोहरदगा से आए मुहम्मद जावेद और मुहम्मद हुसैन ‘सुल्तान’ नामक खस्सी को लेकर पहली बार रांची पहुंचे हैं। राजस्थान से लाई गई इस खस्सी को उन्होंने तीन साल तक पाल-पोसकर बड़ा किया। इसकी कीमत 50 हजार रुपये रखी गई है। वहीं, रांची के कठहल मोड़ से पुनम देवी और रमन महतो ‘डेविड’ नामक खस्सी को बेचने के लिए बाजार लाए हैं। इसकी कीमत 40 हजार रुपये रखी गई है।
*लड्डू की मिठास*
खूंटी के लोदमा गांव से ओमप्रकाश महतो और उनके पिता लालमोहन महतो ‘लड्डू’ नामक खस्सी को लेकर रांची पहुंचे हैं। इसकी कीमत 70 हजार रुपये रखी गई है। परिवार का कहना है कि एक खस्सी बीमारी से मर गया था, लेकिन ‘लड्डू’ को उन्होंने संतान की तरह पाला।
*बकरीद से पहले चरम पर बाजार*
फतुल्लाह रोड स्थित पारंपरिक बकरी बाजार में इस साल भी भारी भीड़ उमड़ रही है। राजस्थानी नस्ल के खस्सियों की मांग काफी अधिक है। बाजार में हिरण नस्ल के बकरों की कीमत 24 हजार रुपये से शुरू हो रही है, जबकि एक सफेद बकरा 70 हजार रुपये तक में बिकने को तैयार है।































