केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने मंगलवार रात रांची के रातू रोड स्थित एलिवेटेड रोड परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान रांची के विधायक श्री चंदेश्वर प्रसाद सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान श्री सेठ ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि जून के अंतिम सप्ताह में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी इस परियोजना का भव्य उद्घाटन कर सकें।
निरीक्षण के दौरान NHAI के अधिकारी मौके पर उपस्थित थे और उन्होंने मंत्री को अब तक की प्रगति की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एलिवेटेड रोड पर शेष कार्यों में नॉइस बैरियर की स्थापना, नीचे ग्रिलिंग का कार्य और पौधारोपण शामिल है।
श्री सेठ ने अधिकारियों से कहा कि इन शेष कार्यों को प्राथमिकता देते हुए तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यह परियोजना न केवल रांची शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से मिल रही परेशानी से भी राहत दिलाएगी।
उन्होंने आशा जताई कि केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी के हाथों इसका उद्घाटन एक नई उपलब्धि के रूप में देखा जाएगा और यह रांची के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


























