राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में आयोजित पद्म पुरस्कार 2025 समारोह में सिनेमा के कई दिग्गजों को प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिनेमा के दिग्गज एक्टर अजित कुमार, नंदमुरी बालकृष्ण, शेखर कपूर समेत कई हस्तियों को इस पुरस्कार से सम्मानित किया।
*पंकज उधास को मरणोपरांत पद्म भूषण*
दिग्गज गायक पंकज उधास को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी फरीदा पंकज उधास ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया।
*अजित कुमार को पद्म भूषण*
तमिल एक्टर अजित कुमार को अपना पहला पद्म भूषण सम्मान मिला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अजीत कुमार को कला के क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित किया। अजित कुमार अपने परिवार के साथ राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में शामिल हुए।
*नंदमुरी बालकृष्ण को पद्म भूषण*
तेलुगु सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण को इंडस्ट्री में उनके असाधारण काम के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उन्होंने तेलुगू इंडस्ट्री में कुछ सफल फिल्में दी हैं और उनके दमदार अभिनय के लिए कई लोग उन्हें पसंद करते हैं।
इन दिग्गज कलाकारों को पद्म अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने पर सिनेमा जगत में खुशी की लहर है। यह पुरस्कार उनके कला के प्रति समर्पण और योगदान को पहचान दिलाता है।



























