featured: अमेजॉन की क्विक कॉमर्स सर्विस Amazon Now ने भारत में बड़ा मुकाम हासिल किया है। कंपनी की सालाना ग्रॉस सेल्स 1 अरब डॉलर यानी करीब 8,300 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है।
Amazon के मुताबिक, Amazon Now की लॉन्चिंग के बाद से हर तिमाही में ऑर्डर करीब दोगुने हो रहे हैं। कंपनी का कहना है कि यह अमेजॉन इंडिया के इतिहास में सबसे तेजी से बढ़ने वाला ई-कॉमर्स बिजनेस यूनिट बन गया है।
अमेजॉन इंडिया के कंट्री हेड समीर कुमार ने बताया कि कंपनी दिवाली तक Amazon Now को 100 शहरों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। लंबे समय में कंपनी की योजना देश के 300 से ज्यादा शहरों में यह सर्विस शुरू करने की है।
कंपनी ने बताया कि 10 हफ्तों से भी कम समय में Amazon Now का विस्तार करीब 4 गुना ज्यादा शहरों में किया गया है। त्योहारों के सीजन से पहले 60 से ज्यादा शहरों और कस्बों में मिनटों में डिलीवरी की सुविधा शुरू हो चुकी है।
आसान भाषा में सालाना ग्रॉस सेल्स का मतलब है कि अगर किसी बिजनेस की मौजूदा बिक्री की रफ्तार पूरे साल बनी रहे, तो एक साल में उसकी कुल बिक्री कितनी होगी। Amazon Now का कहना है कि पिछले तीन महीनों की बिक्री की रफ्तार के आधार पर उसने भारत में 1 अरब डॉलर की सालाना ग्रॉस सेल्स का आंकड़ा हासिल कर लिया है।
समीर कुमार ने कहा कि ग्राहकों की ओर से Amazon Now को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और हर तिमाही में ऑर्डर दोगुने हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी उत्तर में गुरदासपुर और होशियारपुर से लेकर दक्षिण में वेम्बायम और आलमकोड तक मिनटों में डिलीवरी की सुविधा पहुंचा रही है।

































