तिरंगा यात्रा को लेकर सदर अस्पताल में हंगामा, देवेंद्र नाथ महतो को रोकने पर पुलिस से भिड़े समर्थक

0
13

रांची: झारखंड की राजधानी रांची स्थित सदर अस्पताल में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो तिरंगा यात्रा में शामिल होना चाहते थे। प्रशासन ने उन्हें बाहर जाने से रोक दिया। इसके बाद, पुलिस और महतो के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इधर, जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में छात्रों का आंदोलन 22वें दिन भी जारी है।

सदर अस्पताल में इलाजरत छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आयोजित तिरंगा यात्रा और ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने का ऐलान किया था। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन सतर्क हो गया। एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर और उनके कमरे के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। जब महतो बाहर निकलने लगे, तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान, दोनों पक्षों में टकराव हुआ।

प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्र पिछले 22 दिनों से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। छात्र प्रतिनिधियों का कहना है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होना चाहते थे। वहीं, पुलिस-प्रशासन का तर्क है कि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा कारणों को देखते हुए उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। अस्पताल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here