रांची: JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सुरक्षा को लेकर स्पेशल ब्रांच ने हाई अलर्ट जारी किया है। स्पेशल ब्रांच ने मुख्यालय और सरकार को सुरक्षा संबंधी इनपुट दिया है। इनपुट में आंदोलन के दौरान असामाजिक तत्वों और दागी लोगों की मौजूदगी की बात सामने आने के बाद मुख्यमंत्री और उनके आवास की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर सीएम आवास को चारों तरफ से बैरिकेडिंग से घेर दिया गया है। आवास के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में भी अतिरिक्त जवान लगाए गए हैं। सुरक्षा बलों को निर्देश दिया गया है कि सीएम आवास के आसपास आने-जाने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल जांच की जाए।
बताया जा रहा है कि JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन चल रहा है। इस आंदोलन में छात्र संगठनों के साथ कई राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हो रहे हैं। इसी दौरान, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्यमंत्री आवास के घेराव का प्रयास भी किया गया था।
विधानसभा घेराव के दौरान, कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथों में एयरगन, पिस्टल जैसे दिखने वाले सामान और अन्य हथियार नजर आने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इसके बाद, सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई। स्पेशल ब्रांच ने आंदोलन से जुड़े इनपुट के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया है।
स्पेशल ब्रांच के इनपुट के मुताबिक आंदोलन में कुछ असामाजिक तत्व और दागी लोग भी पहुंच रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों की ओर से ऐसे लोगों को चिन्हित किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने को भी सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से लिया गया है।
स्पेशल ब्रांच ने आशंका जताई है कि आंदोलन की आड़ में असामाजिक तत्व मुख्यमंत्री आवास के आसपास पहुंचकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इसी खतरे को देखते हुए सीएम आवास के बाहर बैरिकेडिंग बढ़ाने के साथ अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा एजेंसियों को आंदोलन के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और चिन्हित लोगों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

































