रांची: रांची में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में ABVP ने विधानसभा मार्च निकाला। पुराने विधानसभा भवन से नए विधानसभा की ओर बढ़ रहे छात्रों को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई।
ABVP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मार्च शुरू होने से पहले ही कई छात्रों को हिरासत में ले लिया गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बल प्रयोग कर छात्रों को जबरन बसों में बैठाने और घसीटकर ले जाने का आरोप लगाया। कार्रवाई के विरोध में कई छात्र बसों के आगे-पीछे सड़क पर लेट गए।
कुछ प्रदर्शनकारी बसों की छत पर चढ़ गए और तिरंगा लहराते हुए नारेबाजी की। उनके हाथों में काले झंडे भी नजर आए। छात्र JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं की CBI जांच की मांग कर रहे हैं।


































