JPSC-JSSC छात्रों के आंदोलन को BJP का समर्थन, 10 अगस्त को विधानसभा घेराव

0
11

झारखंड: झारखंड में JPSC-JSSC समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले 15 दिनों से छात्र धरना और अनशन पर बैठे हैं। इसी बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनके आंदोलन को समर्थन दिया।

अनशन के दौरान, तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती राहुल क्रांति से मिलने के बाद आदित्य साहू जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने अनशन पर बैठे छात्रों से मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया। इस दौरान, उन्होंने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा।

आदित्य साहू ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों के मुद्दे पर आंदोलन करने वाले राहुल गांधी को झारखंड के छात्रों की आवाज भी सुननी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से झारखंड सरकार पर सीबीआई जांच के लिए दबाव बनाने या छात्रों के साथ धरने पर बैठने की चुनौती दी।

उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग केवल सीबीआई जांच की है। आंदोलनकारियों का आरोप है कि परीक्षाओं में अनियमितताओं और कथित भ्रष्टाचार से जुड़े कई सवालों के बावजूद सरकार मामले की निष्पक्ष जांच नहीं करा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

10 अगस्त को विधानसभा घेराव की दी चेतावनी

आंदोलनकारियों ने 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा के महाघेराव की चेतावनी दी है। छात्रों का दावा है कि इस प्रदर्शन में राज्यभर से बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे। आंदोलनकारियों का कहना है कि विधानसभा घेराव के जरिए सरकार तक अपनी मांग पहुंचाई जाएगी और सीबीआई जांच की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा।

आदित्य साहू ने भी छात्रों के आंदोलन के प्रति समर्थन जताते हुए सरकार से उनकी मांगों पर तत्काल पहल करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान, भाजपा नेता प्रतीक शेडियो, अशोक बड़ाईक, भानु प्रताप शाही, वरुण साहू समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here