टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के 34 कर्मचारियों को ₹41.29 लाख की मेडिकल सहायता

    0
    9

    featured: टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की मेडिकल सपोर्ट स्कीम कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कर्मचारियों और उनके आश्रितों को इलाज के दौरान होने वाले भारी खर्च में वित्तीय राहत देने के उद्देश्य से प्राप्त आवेदनों की गहन समीक्षा की गई। कमेटी ने पिछले चार महीनों के दौरान आए आवेदनों की पड़ताल के बाद पात्र पाए गए लाभुकों के बीच सहायता राशि वितरित करने की मंजूरी प्रदान किए।

    यूनियन से मिली जानकारी के मुताबिक, बैठक में अप्रैल से जुलाई माह के बीच प्राप्त कुल 47 चिकित्सा सहायता आवेदनों पर बिंदुवार चर्चा हुई। कागजातों और तय मानकों की जांच के बाद 34 आवेदनों को स्वीकृत किया गया। इन सभी पात्र कर्मचारियों के बीच कुल 41 लाख 29 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि आवंटित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

    इस बार स्वीकृत हुए आवेदनों में परितोष मंडल, छोटू समद, दिवाकर शर्मा, अर्चना मॉल, संजीव कुमार, ओमकार सिंह, अनिल महतो, श्यामल कुमार दास, अमित कुमार, राजेश कुमार और पंकज गोप समेत कुल 34 कर्मचारी शामिल हैं। कमेटी ने स्पष्ट किया कि इस योजना का मुख्य मकसद गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक तंगी झेल रहे कर्मचारियों और उनके परिजनों को समय पर संबल प्रदान करना है।

    बैठक में यूनियन पदाधिकारियों ने सहायता मामलों के जल्द और पारदर्शी निपटारे पर विशेष जोर दिया, ताकि इलाज करा रहे कर्मियों को समय पर आर्थिक मदद पहुंचाई जा सके। इस समीक्षा बैठक में मेडिकल सपोर्ट स्कीम कमेटी के सचिव वर्षिल सहाय के साथ डॉ. एस.एल. श्रीवास्तव, अनिल शर्मा, एच.एस. सैनी, पी.के. दास, अजय भगत और अमित कुमार सिंह उपस्थित थे।

     

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here