मनोरंजन: साउथ सुपरस्टार विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है, जिसको लेकर, तमिलनाडु में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। विजय की राजनीतिक पार्टी TVK के समर्थक और फैंस रिलीज को किसी त्योहार की तरह मना रहे हैं।
सोशल मीडिया पर थिएटरों के बाहर जश्न मनाते दर्शकों के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज और नारायण अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
चेन्नई के वुडलैंड्स, कैसीनो समेत कई सिनेमाघरों में फिल्म की रिलीज के मौके पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। फैंस ने लेजर शो, ढोल-नगाड़ों और डांस के साथ अपने पसंदीदा स्टार का स्वागत किया। बुधवार देर रात चेन्नई के एक थिएटर में ड्रोन शो भी आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में दर्शक सुबह के पहले शो का इंतजार करते नजर आए।
शहर के प्रमुख चौराहों और सिनेमाघरों के बाहर विजय के विशाल कटआउट लगाए गए। वहीं, PTI की रिपोर्ट के अनुसार विजय ने बुधवार शाम कुछ अधिकारियों के साथ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग भी देखी।
तमिलनाडु के परिवहन मंत्री विजय तमिलन पार्थिबन ने कहा कि ‘जन नायकन’ की रिलीज राज्य के लिए दिवाली और पोंगल जैसे बड़े त्योहार की तरह है। उन्होंने बताया कि फिल्म में उनका भी एक छोटा-सा किरदार है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि चेन्नई में करीब 100 लोगों को यादगार उपहार के रूप में हेलमेट दिए जाएंगे।
वहीं, TVK विधायक के. वी. विजयधामू ने कहा, आज मैं विधायक नहीं, बल्कि विजय का एक फैन बनकर फिल्म का आनंद लूंगा। एच. विनोथ के निर्देशन में बनी ‘जन नायकन’ को विजय के राजनीतिक जीवन में पूरी तरह सक्रिय होने से पहले उनकी आखिरी फिल्म माना जा रहा है। फिल्म पहले जनवरी में रिलीज होने वाली थी, लेकिन CBFC से सर्टिफिकेशन में देरी के कारण इसकी रिलीज आगे बढ़ा दी गई।


































