भारत: पीएम मोदी ने आज शुक्रवार को हरियाणा के जींद में देश की पहली हाईड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी देकर रवाना किया। इसके साथ ही, भारत हाइड्रोजन ट्रेनें संचालित करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया। खबर है कि यह जींद से सोनीपत 89 km के रूट पर चलेगी। इसका किराया पांच से लेकर 26 रुपये तक रखा गया है।
इस शून्य-उत्सर्जन ट्रेन में ईंधन सेल (fuel cell) तकनीक का उपयोग किया गया है। हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रासायनिक प्रक्रिया से बिजली उत्पन्न होने के कारण यह ट्रेन केवल पानी की भाप छोड़ती है। यह पर्यावरण के लिए पूरी तरह से अनुकूल बताई गयी है।
यह शून्य प्रदूषण वाली ट्रेन है। यह 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। कोच के बीच में गैलरी रखते हुए दोनों तरफ तीन-तीन यात्रियों के बैठने के लिए सीट लगाई गयी है। ट्रेन की क्षमता 2,600 यात्रियों की है। यह स्वदेशी तकनीक पर आधारित ट्रेन है, जिसे भारत में ही डिजाइन किया गया और बनाया गया है।
ट्रेन को रवाना करने के बाद, पीएम मोदी ने यहां 15000 करोड़ की परिकरोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इस अवसर पर आयोजित एक जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि इतने सालों में जींद का घेवर तो नहीं बदला, लेकिन ज़िंदगी बदल गयी है।
उन्होंने कहा कि जींद शहर भाजपा-एनडीए के सुशासन मॉडल की मिसाल बन रहा है। कहा कि पिछले कुछ सालों में हरियाणा विकास की नयी राह पर चल पड़ा है। पीएम ने कहा कि आज का कार्यक्रम भाजपा की डबल-इंजन सरकार के इस मिशन को नयी रफ़्तार दे रहा है। यहीं से देश को अपनी पहली हाइड्रोजन ट्रेन मिली।
उन्होंने याद दिलाया कि आज भी हम पढ़ते और सुनते हैं कि भारत की पहली ट्रेन बॉम्बे और ठाणे के बीच चली थी। पीएम ने कहा कि जब भी भविष्य में हाइड्रोजन ट्रेनों का ज़िक्र होगा, तो हमें यह याद रखना होगा। जींद के बाद, प्रधानमंत्री चंडीगढ़ जायेंगे, जहां वह 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
इसके अलावा, पंजाब के जालंधर दौरे के दौरान मोदी 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। कुरुक्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी 447 करोड़ रुपए की लागत से बने रेलवे एलिवेटेड ट्रैक नागरिकों को समर्पित करेंगे।
अहम खबर यह है कि पीएम नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे से पहले पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस कारण सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। कंट्रोल रूम पर धमकी भरा संदेश मिलने के बाद सचिवालय परिसर खाली कराते हुए बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया।



























