NEET UG 2026: रांची में 21 केंद्रों के बाहर धारा 163 लागू

0
12

रांची: देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 21 जून को आयोजित होगी। पिछले वर्षों में सामने आए पेपर लीक और अन्य विवादों से सबक लेते हुए इस बार एनटीए और राज्य सरकारों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। परीक्षा से एक दिन पहले 20 जून को देशभर में मेगा मॉक ड्रिल आयोजित किया गया। जिसके, माध्यम से परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई और अन्य व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा की गई।

रांची के मारवाड़ी कॉलेज, डोरंडा कॉलेज, निर्मला कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय (हिनू, धुर्वा और नामकुम), आर्मी पब्लिक स्कूल (दीपाटोली) और उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल समेत कुल 21 परीक्षा केंद्रों पर रविवार, 21 जून को नीट यूजी 2026 परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हो सके।

रांची में परीक्षा एक ही पाली में आयोजित होगी। इसे देखते हुए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, यह आदेश 21 जून को दोपहर 12 बजे से शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान, पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, किसी भी प्रकार की सभा या बैठक आयोजित करने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल और हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, सरकारी कार्य में लगे अधिकारी और कर्मचारी इस आदेश से मुक्त रहेंगे।

परीक्षा के दौरान, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन को आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ जुटाकर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर सकते हैं इसलिए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here