भारत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को पांच देशों के दौरे पर रवाना हो गये। यात्रा के पहले चरण में पीएम मोदी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी पहुंचे। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने पीएम मोदी का स्वागत किया।
इससे पहले अरब अमीरात (यूएई) की सीमा में पहुंचते ही UAE के एफ 16 जेट विमानों ने प्रधानमंत्री मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया। पीएम मोदी ने कहा, यूएई के साथ भारत के रिश्ते को लेकर कहा कि दोनों देश एक साथ आगे बढ़ते रहेंगे।
पीएम मोदी ने होर्मुज स्ट्रेट के संदर्भ में कहा कि इसे जल्द से जल्द खोला जाना चाहिए। साथ ही, पीएम मोदी ने यूएई में हुए ईरानी हमले की कड़ी निंदा करते गुए कहा, इस मुश्किल समय में भारत यूएई के साथ खड़ा है।
खबरों के अनुसार, पीएम मोदी की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत के व्यापार, तकनीक, ऊर्जा और निवेश संबंधों को और मजबूती प्रदान करना है। जानकारी के अनुसार, दोनों देशों के बीच लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस, LPG और रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार से जुड़े दो अहम समझौतों पर मुहर लगेगी।
याद करें कि यूएई तेल उत्पादक देशों के समूह OPEC से बाहर निकलने का निर्णय ले चुका है। अहम खबर यह है कि संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा पूरी करने के बाद पीएम नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली जायेंगे। यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नीदरलैंड जायेंगे।
2017 के बाद यह मोदी की नीदरलैंड की दूसरी यात्रा होगी। पीएम यहां नीदरलैंड के किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा और प्रधानमंत्री रॉब जेटन के साथ मुलाकात करेंगे। यहां की यात्रा पूरी करने के बाद श्री मोदी स्वीडन जायेंगे।
वे गोथेनबर्ग शहर में स्वीडिश प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। खबर है कि मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री यूरोपीय उद्योग जगत के मंच यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री को संबोधित करेंगे।
यहां यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन भी उपस्थित रहेंगी। इस क्रम में सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी नॉर्वे पहुंचेंगे और यहां तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का अंतिम पड़ाव इटली होगा। मंगलवार को वे इटली में राष्ट्रपति सर्जियो मैटरेला और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ मुलाकात करेंगे।





























