रांची: रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में व्यवसायियों से रंगदारी मांगने वाले उग्रवादियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टी०पी०सी० संगठन के नाम पर 10 लाख रुपये की लेवी मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
17 अप्रैल 2026 को दर्ज कांड संख्या 58/26 के तहत कार्रवाई करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राँची के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी शाखा की मदद से ईरबा गोलचक्कर के पास शालीमार नर्सरी के समीप छापेमारी की। इस दौरान संदिग्ध हालत में खड़े दो युवकों ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समरित गंझू उर्फ मलिंगा उर्फ अरुण जी और सोनू उराँव उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। तलाशी में एक देशी कट्टा, मैगजीन, मोबाइल फोन, राउटर, सिम कार्ड (धमकी देने वाला सिम सहित) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने ओरमांझी के अलावा हजारीबाग, रामगढ़ और चतरा के व्यवसायियों से भी धमकी देकर लेवी मांगने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने इस मामले में अलग से कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

































