बिहार: बिहार की राजनीति में नई सरकार को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य की शपथ लेंगे। वे 9 अप्रैल को दिल्ली जाएंगे। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकात दिल्ली में एनडीए के कई नेताओं से होगी। जिसमें राजनीतिक हालात पर मंथन होने की संभावना है।
11 अप्रैल के बाद हो सकती बैठक
संभावना जताई जा रही है कि सीएम नीतीश कुमार 11 अप्रैल को पटना लौटेंगे। बिहार में 14 अप्रैल के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होने का अनुमान है। इससे पहले एनडीए विधायक दल की बैठक हो सकती है।
वहीं, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक 20 अप्रैल या इसके बाद होने के आसार है। हाल में, जदयू संगठन चुनाव में एक बार फिर नीतीश कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुना गया हैं। इस चुनाव के बाद यह बैठक खास मानी जा रही है। इसमें कई राजनीतिक प्रस्तावों पर मुहर लग सकते हैं।
नीतीश को Z+ सुरक्षा
राज्यसभा सदस्य के शपथ पहले सीएम नीतीश कुमार को जेड प्लस सिक्योरिटी मिली है। राज्यसभा के लिए मुख्यमंत्री निर्वाचित हुए हैं। जिसके बाद से जल्द ही अब वे मुख्यमंत्री के पद से भी त्यागपत्र देंगे और राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। सुरक्षा समीक्षा के बाद ही सीएम नीतीश को जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा देने का निर्णय लिया।
सीएम फेस के लिए चर्चा तेज
राज्यसभा सदस्य का शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। ऐसे में राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसकी चर्चा तेज है। सीएम फेस की रेस में दो नाम ज्यादा भावी माने जा रहे हैं। बीजेपी से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और जेडीयू से सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम फेस बताया जा रहा है। लेकिन, अब तक एनडीए की ओर से आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।


































